फंदे पर लटका मिला महिला का शव, हंगामा
गंगानगर। परीक्षितगढ़ क्षेत्र के गांव खटकी निवासी नेहा (23) पुत्री देवेंद्र की शादी करीब चार साल पहले इंचौली थाना क्षेत्र के नंगलाशेखू निवासी आकाश उर्फ चिंटू पुत्र संतराम के साथ हुई थी। नेहा की दो वर्षीय बेटी है। नेहा दौराला टोल प्लाजा पर कर्मचारी है, वहीं चिंटू टॉवर का काम करता है। परिजनों के मुताबिक कुछ दिनों से चिंटू और नेहा के बीच अनबन चल रही थी। शनिवार दोपहर को नेहा का शव कमरे में दुपट्टे से लटका मिला। सूचना पर पहुंचे नेहा के मायके वालों ने हत्या का आरोप लगा हंगामा कर दिया। वहीं पुलिस ने शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के मुताबिक चिंटू मूल रूप से इंचौली थाना क्षेत्र के मसूरी गांव का है। वह बचपन से नंगलाशेखू निवासी मामा बलराम के यहां रहा है। उधर, एसओ इंचौली पंकज शर्मा का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सच सामने आ सकेगा। हालांकि मामले में तहरीर नहीं आई है। जांच की जा रही है।