मेरठ। जागृति विहार में बाइक सवार बदमाशों ने वेंक्टेश्वरा कॉलेज के डिप्टी डायरेक्टर से मोबाइल फोन लूट लिया। सोमदत्त विहार निवासी अंजनय सिंह वेंक्टेश्वरा कालेज में डिप्टी डायरेक्टर (मार्केटिंग) हैं। सिंह के अनुसार बुधवार रात करीब नौ बजे वे जागृति विहार सेक्टर 8 में पैठ रोड पर सामान लेकर पैदल ही लौट रहे थे। इस बीच उनके मोबाइल पर कॉल आ गई। उन्होंने जैसे ही कॉल रिसीव की तो पीछे से लाल रंग की बाइक पर आए दो बदमाश झपट्टा मारकर उनका मोबाइल फोन ले गए। सूचना पर फैंटम और यूपी 100 पुलिस पहुंची। सिंह के अनुसार मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने बताया कि इस रोड पर आज बाइक सवारों ने मोबाइल झपटने की कई घटनाएं की हैं। बाद में अंजनय सिंह ने थाने जाकर तहरीर दी। एसओ मेडिकल सतीश कुमार ने बताया कि थाने में केवल एक पीड़ित की तहरीर आई है।