मोनू गुर्जर हत्याकांड
- मोनू पक्ष की महिलाओं ने की गोपी और बजरंग की मां को नामजद करने की मांग
- पुलिस ने हत्यारोपी ईशू जेल भेजा, दूसरे आरोपी से अभी चल रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ/कंकरखेड़ा। मोनू गुर्जर हत्याकांड में मोनू पक्ष की महिलाओं में जबरदस्त आक्रोश है। उन्होंने पुलिस से कहा है कि हत्या में गोपी पारिया और बजरंग की मां को भी नामजद कर गिरफ्तार किया जाए। यदि ऐसा नहीं होता है तो हाईवे जाम किया जाएगा। पुलिस अभी आरोपी बजरंग को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। वहीं, हत्यारोपी ईशू पुत्र जनेश्वर को मंगलवार को जेल भेज दिया गया। दूसरे आरोपी रोबिन से पूछताछ की जा रही है।
मोनू की हत्या में परिजनों ने ईशू, बजरंग, अंशुल उर्फ नीशु, दीपक और रोबिन को नामजद किया है। वहीं, मोनू पक्ष के लोगों व महिलाओं ने मंगलवार को आरोप लगाते हुए कहा कि इस मामले में मोनू का क्या दोष था। वह तो बहुत सीधा था। किसी से उसका कोई विवाद भी नहीं था। फिर क्यों आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी। जिस दोस्त ईशू के साथ वह रात-दिन रहता था और खाता-पीता था। हद से ज्यादा विश्वास करता था, आखिर उसी ने उसके साथ धोखा किया। घर से बुलाकर ले गया और उसकी हत्या करवा दी। महिलाओं ने कहा कि आरोपियों को लड़ाई ही लड़नी है तो निर्दोष लोगों का क्यों धोखे से मार रहे हैं। आशीष की हत्या करने के बाद क्या आरोपियों का पेट नहीं भरा। जो अब उनके मासूम मोनू की भी हत्या कर दी। आखिर और कितनी हत्याएं करेंगे। यह अब बर्दास्त नहीं होता। उन्होंने मांग की है कि पुलिस-प्रशासन आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे, ताकि उन्हें सबक मिले। मोनू गुर्जर की मां ने कहा कि हत्या की साजिश में गोपी पारिया की मां शिक्षा देवी और बजरंग का मां को साजिश रचने का मुल्जिम बनाया जाना चाहिए।