- खुद के जेवरों की सुरक्षा को लेकर खासे परेशान दिखे ग्राहक
- पुलिस जांच में व्यस्तता के चलते अधिकारियों से नहीं हुई मुलाकात
- सोमवार को ग्राहकों को मिलेगी उनके सोने से जुड़ी जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। मणप्पुरम फाइनेंस कंपनी की बेगमपुल शाखा में बृहस्पतिवार शाम हुई लूट की वारदात ने कंपनी के ग्राहकों की भी नींद उड़ाकर रख दी है। शुक्रवार सुबह जैसे ही ग्राहकों को इस लूट की खबर लगी, वह कंपनी के कार्यालय पर जुटने शुरू हो गए। कई लोग तो ऐसे रहे, जो फाइनेंस कंपनी का ऑफिस खुलने से पहले ही वहां पहुंच गए। दिन भर ग्राहकों के यहां पहुंचने का क्रम जारी रहा। जैसे-तैसे समझा-बुझाकर उन्हें वहां से भेजा जा सका। उधर, पुलिस ने फिर एक बार आईटी एक्सपर्ट की मौजूदगी में कंपनी की सीसीटीवी फुटेज को खंगालने और लूटे गए सोने की वास्तविक तस्वीर जानने की कोशिश की।
मणप्पुरम फाइनेंस कंपनी की बेगमपुल शाखा सुबह 9:30 बजे से शाम 6:30 तक खुलती है। शुक्रवार सुबह कई लोग शाखा खुलने का इंतजार करते दिखे। यह वही लोग थे, जिन्होंने अपना सोना रखकर फाइनेंस कंपनी से लोन लिया था। फाइनेंस कंपनी का गेट खुलते ही इन लोगों ने घटना का हवाला देकर खुद के सोने की सुरक्षा से जुड़े सवाल दागने शुरू कर दिए। अधिकांश लोगों के हाथों में गोल्ड लोन की रसीद थी। वहां मौजूद एक महिला ने रोते हुए बताया कि उसने अपना 800 ग्राम सोना रखकर लोन लिया था। लूट की इस घटना के बाद वह और उसका परिवार बेहद परेशान हैं। उसने मांग की कि उसे उसका सोना ही लौटाया जाए। इसी तरह की बात वहां मौजूद कई अन्य लोगों ने भी कही। तभी वहां पहुंचे फाइनेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर संदीप ने उनसे बात की और उनके सवालों के जवाब देकर उन्हें आश्वस्त करते हुए वापस भेज दिया। इसके बाद दिन भर ग्राहकों के वहां आने का क्रम जारी रहा। लेकिन जांच का हवाला देकर पुलिसकर्मियों ने उन्हें लौटा दिया।
तीन दिन में तैयार होगा सोने का विवरण
मणप्पुरम फाइनेंस कंपनी से लूटे गए सोने का वास्तविक विवरण पुलिस तैयार करा रही है। शुक्रवार सुबह एएसपी कैंट रामअर्ज, सीओ अखिलेश भदौरिया फाइनेंस कंपनी के दफ्तर पहुंचे और अधिकारियों से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने कंपनी का डाटा खंगालना शुरु किया। सोमवार तक का समय अधिकारियों की ओर से दिया जा रहा है। कंपनी के अधिकारियों ने दावा किया है कि लूट में किस ग्राहक का सोना गया और किसका सुरक्षित बचा, यह विवरण सोमवार तक उपलब्ध करा दिया जाएगा।
बाजार की सुरक्षा को लेकर व्यापारी बेचैन
बेगमपुल को शहर का दिल कहा जाता है। जिस जगह मणप्पुरम फाइनेंस कंपनी का कार्यालय है, वह बेहद व्यस्त इलाका है। आसपास कई बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठान हैं, जिस कारण सुबह से लेकर देर शाम तक वहां भीड़भाड़ रहती है। बावजूद इसके इतनी बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देकर साफ बच निकलना क्षेत्रीय व्यापारियों के लिए भी चिंता का सबब बना है। बेगमपुल व्यापार संघ के अध्यक्ष राजेश सिंहल का कहना है कि जल्द ही इस संबंध में पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की जाएगी।
दहशत में दिखे फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी
घटना के बाद शुक्रवार सुबह फाइनेंस कंपनी के अंदर का माहौल भी अन्य दिनों के मुकाबले बदला-बदला दिखा। कंपनी में काम करने वाले कर्मचारियों के चेहरे पर एक अलग तरह की दहशत दिखी। शायद भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस घटना ने उन्हें परेशान किया था। सुबह ऑफिस खुला जरूर। लेकिन कर्मचारी जांच प्रक्रिया के चलते काम नहीं कर सके। सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरों को एक्टीवेट कराया गया। क्योंकि इन कैमरों को घटना के दौरान लुटेरे तोड़ गए थे।
जल्द तस्वीर साफ होगी
कुछ ग्राहक दफ्तर पहुंचे थे। लेकिन जांच जारी रहने के कारण उनसे ज्यादा बात नहीं की जा सकी। सोमवार तक सोने का विवरण तैयार हो जाएगा। इसके बाद ही तस्वीर साफ होगी कि किस-किस ग्राहक का सोना गया है। -संदीप कुमार, शाखा प्रबंधक, मणप्पुरम फाइनेंस कंपनी, बेगमपुल शाखा