हाईस्कूल के अंग्रेजी के पेपर में मुन्नाभाई पकड़ा
परीक्षितगढ़। राजकीय कन्या इंटर कालेज में प्रथम पाली के यूपी बोर्ड हाईस्कूल अंग्रेजी के पेपर में सचल दस्ते ने एक मुन्नाभाई को पेपर देते हुए पकड़ लिया। बाद में टीम ने मुन्नाभाई को पुलिस के हवाले कर दिया। कालेज की केंद्र व्यवस्थापक ने थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
परीक्षा के दौरान दस्ते की अगुवाई कर रहे एएओ नीरज कुमार ने एक कक्ष में पेपर दे रहे मुन्नाभाई को पकड़ लिया। पूछताछ में पकड़े गए किशोर ने अपना नाम अरुण पुत्र सोहनपाल निवासी लोधीपुर, गढ़मुक्तेश्वर बताया। आरोपी के मुताबिक वह भाई विक्रांत के नाम पर पेपर दे रहा था। दस्ते ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। कालेज की परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक नीतू प्रेमी ने थाने में आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
-----------------------
महिला को 20 लीटर कच्ची शराब के साथ पकड़ा
परीक्षितगढ़। खजूरी गांव में थाना पुलिस ने एक मकान में छापा मारकर एक महिला को हिरासत में लेते हुए उससे 20 लीटर कच्ची शराब बरामद की है।
खजूरी में थाना पुलिस ने मकान में छापा मारकर अनीता नाम की महिला को 20 लीटर कच्ची शराब के साथ पकड़ लिया। पुलिस ने महिला पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। वहीं पुलिस के मुताबिक पकड़ी गई महिला पहले भी कच्ची शराब बेचने के आरोप में जेल जा चुकी है। एसओ शिवदत्त ने बताया कि उक्त महिला पर पहले भी कच्ची शराब बेचने के कई मुकदमे दर्ज हैं।