गैस एजेंसी पर बदमाशों का धावा, लूटा कैश
मोदीनगर। बाइक सवार तीन बदमाशों ने सोमवार दोपहर बेगमाबाद-बुदाना रोड स्थित तनिष्का भारत गैस एजेंसी पर धावा बोल दिया। उन्होंने तमंचे के बल पर एजेंसी संचालक और तीन कर्मचारियों को बंधक बनाकर कैश लूट लिया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के भगवानगंज मंडी में मुकेश गोयल पुत्र राधेश्याम गुप्ता परिवार सहित रहते हैं। मुकेश गोयल की बेगमाबाद-बुदाना रोड पर तनिष्का भारत के नाम से गैस एजेंसी और वहीं पर गोदाम है। मुकेश गोयल के अनुसार, दोपहर करीब तीन बजे तीन कर्मचारी लीलू, अमित और सतबीर डिलीवरी करके गोदाम पहुंचे थे। वे कर्मचारी कैश का हिसाब कर रहे थे। करीब सवा तीन बजे बाइक सवार तीन बदमाश हेलमेट पहन कर गैस एजेंसी में घुसे। तीनों बदमाशों ने एजेंसी मालिक और तीन कर्मचारियों को तमंचा तानकर बंधक बना लिया। बदमाशों ने 55 हजार रुपये और दो मोबाइल लूटकर निवाड़ी मार्ग की ओर भाग गए। सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंच गई और मौका मुआयना किया। कार्यवाहक थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि गैस एजेंसी संचालक मुकेश गोयल ने तहरीर दी है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।
एजेंसी में लूट से व्यापारियों में गुस्सा
गैस एजेंसी में लूट की घटना की खबर मिलते ही व्यापारियों में हड़कंप मच गया। व्यापारी संगठनों में पुलिस के प्रति जबरदस्त गुस्सा है। उधर, सूचना पर नगर पालिका चेयरमैन अशोक माहेश्वरी भी पहुंच गए। चेयरमैन और शहर के व्यापारी संगठनों ने घटना की निंदा की है। व्यापारियों का कहना है कि करीब एक साल पूर्व हापुड़ रोड स्थित आशा गैस गोदाम में भी बाइक सवार दो बदमाशों ने लूटपाट की थी। उस समय घटना को पुलिस संदिग्ध मान रही थी। इतना ही नही अभी तक घटना का खुलासा नही हो सका है।
चोरी के खुलासे के लिए सीओ से मिले व्यापारी
मोदीनगर। गोविंदपुरी कालोनी में करीब एक सप्ताह पूर्व हुई ज्वेलरी शॉप में चोरी के खुलासे के लिए सोमवार को उद्योग व्यापार मंडल के सदस्य सीओ से मिले। सीओ ने जल्द खुलासे का आश्वासन दिया। उद्योग व्यापार मंडल के मोदीनगर इकाई के अध्यक्ष संजय गुप्ता ने बताय कि पांच अगस्त को गोविंदपुरी स्थित गणपति ज्वेलर्स शॉप में लाखों की चोरी हुई थी। इस दौरान संजय गुप्ता, पियूष गोयल, सतेंद्र गुप्ता, धमेंद्र चौधरी, गोवर्धन, मेहंदी रत्ता, रवी आदि मौजूद रहे। ब्यूरो