भीड़ ने युवक को पीटा, लूट का आरोप
मेरठ। महताब सिनेमा के पास रविवार शाम लोगों ने एक युवक की धुनाई कर दी। इसके बाद लोग उसे देहली गेट थाने ले जाने लगे। केसरगंज पुलिस चौकी के पास खड़ी यूपी 100 पुलिस ने युवक को भीड़ से छुड़ाया और थाने ले गई। इसके बाद लोग भी थाने पहुंच गए। भीड़ में शामिल पूर्वा महावीर के एक युवक ने आरोप लगाया कि उक्त युवक ने अपने साथियों के साथ हमला बोलकर उससे 70 हजार रुपये छीन लिए, जबकि पकड़ा गया युवक आरोप गलत बता रहा था। उसका कहना था कि होटल में खाना खाते हुए झगड़ा हुआ था। दूसरे पक्ष ने उसकी पिटाई की है। देहली गेट पुलिस ने जांच की तो मामला रेलवे रोड थाने का मिला। इस पर पुलिस ने दोनों पक्षों को रेलवे रोड थाने भेज दिया। इस दौरान पकड़े गए युवक के पक्ष के भी लोग वहां पहुंच गए। दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए उलझ गए। एसएसआई ने बताया कि मामला लूट का नहीं है। होटल में खाने खाते वक्त मारपीट हो गई थी। दोनों पक्षों में समझौता हो गया।