पुरकाजी। कस्बे के मोहल्ला तुर्किस्तान निवासी एक व्यक्ति के घर में शुक्रवार की सुबह पुलिस को बड़े पैमाने पर गोकशी किए जाने की सूचना मिली। इससे पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में इंस्पेक्टर योगेश शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां संबंधित घर में कई गोवंश बंधे मिले। पुलिस ने गोवंश के संबंध में जानकारी लेते हुए घर में मौजूद महिलाओं से पूछताछ की, जिन्होंने गोवंश दूध के लिए पाले जाने की जानकारी दी। इस पर पुलिस गोकशी मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए लौट गई।
अभियान चलाकर दबोचे सात वांछित
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने वांछितों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बृहस्पतिवार की रात क्षेत्र में ताबड़तोड़ दबिश देते हुए सात वांछितों को गिरफ्तार किया। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि अभियान के दौरान सुजडू़ के मोहल्ला खेड़ा पट्टी निवासी शमीम चिकना पुत्र सलीम को एक तमंचे-कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं, मोहल्ला खादरवाला में दबिश देकर नसीम पुत्र वहीद, यामीन पुत्र मजीद, नौशाद पुत्र यासीन और शहजाद पुत्र इकबाल के साथ ही सुजड़ू निवासी सलीम पुत्र शफीक और शेरपुर गांव निवासी खुर्शीद पुत्र कल्लन को भी गिरफ्तार किया गया। सभी वांछितों को शुक्रवार को जेल भेज दिया गया।