थाने में महिला सिपाही की वर्दी फाड़ी, हंगामा
गंगानगर। गंगानगर थाने पर मां-बेटी ने हंगामा कर महिला सिपाही की वर्दी फाड़ दी। दोनों महिलाएं दरोगा से लेकर एसओ और सीओ सदर देहात से भी भिड़ गईं। बाद में महिला थाना पुलिस ने मां-बेटी को गिरफ्तार कर लिया।
गंगानगर एसओ दिनेश चंद के मुताबिक अम्हेड़ा गांव से सोमवार रात शराब पीकर झगड़ रहे दो युवकों मिंटू व नीटू को पकड़ा गया था जबकि तीसरा युवक कपिल भाग गया था। मंगलवार को दोनों का चालान कर दिया था। दोपहर को दोनों को कोर्ट भेजने के लिए ऑटो में बैठाया जा रहा था। तभी आरोपी नीटू की बहन सोनिया व मां दयावती थाने पहुंचीं और नीटू को छोड़ने की बात कही। एसओ ने बताया कि उनका चालान कर दिया है, जमानत कोर्ट से मिलेगी। आरोप है कि इस पर मां-बेटी ने ऑटो की चाबी निकाल ली। सड़क पर हंगामा होने पर जाम की स्थिति बन गई।
इस दौरान एसआई मनु सक्सेना व महिला सिपाही मां-बेटी को थाने के अंदर ले गईं। आरोप है कि चाबी मांगने पर युवती ने एसओ से बदसलूकी कर दी। बीचबचाव करने पर महिला सिपाही शिल्पी की वर्दी फाड़ दी। हाथापाई में महिला सिपाही रीना के हाथ में चोट लग गई। इस बीच सीओ सदर देहात विजय प्रकाश भी वहां पहुंचे तो आरोप है कि युवती ने सीओ से भी बदसलूकी करते हुए धमकी दे डाली। जिसके बाद महिला थाने से इंस्पेक्टर नेहा चौहान को बुलाकर दोनों को सुपुर्द कर दिया। सीओ के अनुसार मां-बेटी पर संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को बुधवार को जेल भेजा जाएगा।
खास बातें:
गंगानगर थाने का मामला, युवक को छुड़ाने पहुंची थीं मां और बहन
शराब पीकर हंगामा करने में युवक का हो चुका था चालान
महिला दरोगा से लेकर एसओ और सीओ से भिड़ीं मां-बेटी, गिरफ्तार