कचहरी से मंगलवार को पुलिस कस्टडी से 41 लाख की लूट का आरोपी फरार हो गया। मुल्जिम के भागने की सूचना से पुलिस अफसरों में हड़कंप मच गया। कचहरी को छावनी में तब्दील करके अफसरों ने तलाशी भी की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। मुल्जिम को कोर्ट में पेशी पर ले जाने वाले तीनों सिपाहियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
गंगानगर थाना क्षेत्र के कसेरूबक्सर निवासी कपिल पुत्र सूरजमल नीरज भाटी गैंग का सदस्य है। उसने दस माह पहले परतापुर क्षेत्र में पराग डेयरी से दिनदहाड़े 41 लाख की लूट थी। लूट के बाद पूरा गैंग लूट वैष्णो देवी चला गया था। बाद में पुलिस ने लूट का खुलासा करते हुए सभी को जेल भेज दिया था। पुलिस ने बताया कपिल पर लूट, हत्या, समेत 11 मुकदमे दर्ज हैं। मंगलवार को कपिल की कोर्ट में पेशी थी।
पुलिस लाइन में तैनात हेड कांस्टेबल ओमवीर, महिला कांस्टेबल रजनी और सिपाही भोपाल मंगलवार दोपहर पांच मुल्जिमों को हवालात से एडीजे-7 की कोर्ट में पेशी पर लेकर गए थे। पेशी के बाद पुलिस कर्मियों ने कोर्ट के बाहर ही पांचों मुल्जिमों की एक साथ हथकड़ी बांध ली। इस बीच शातिर कपिल ने किसी तरह हथकड़ी से अपना हाथ निकाल लिया। मुल्जिमों के परिजन भी साथ साथ चलने लगे। इस बीच पुलिस को चकमा देकर कपिल फरार हो गया। दोनों सिपाहियों ने महिला कांस्टेबल रजनी को हथकड़ी थमाकर कपिल की तलाश की, लेकिन सुराग नहीं लगा।
सूचना पर सीओ सिविल लाइन बीएस वीर कुमार, सिविल लाइन के कार्यवाहक एसओ राजीव सक्सेना, आरआई सत्यप्रकाश शर्मा और एएसपी सिद्घार्थ मीणा भी फोर्स के साथ मौके पर पर पहुंचे। पूरे शहर में अलर्ट करते हुए पुलिस सड़कों पर उतर आई, लेकिन मुल्जिम का सुराग नहीं लगा। एसओ सिविल लाइन ने बताया कि हेड कांस्टेबल ओमवीर, सिपाही भोपाल और महिला कांस्टेबल रजनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज गिरफ्तार कर लिया है।
भगवान भरोसे कचहरी की सुरक्षा
मुल्जिम भागने के बाद फिर से कचहरी में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई है। इससे पहले भी कुख्यात तांत्रिक नजाकत पुलिस कस्टडी से भागा था। जिसका पुलिस को कोई सुराग नहीं लगा। जैसे ही तीनों पुलिस कर्मियों को जीप में बैठाकर थाने भेजा तो महिला कांस्टेबल रजनी की आंखें भर आईं।
साजिश के तहत तो नहीं भगाया
नजाकत की फरारी में दोनों सिपाहियों की भूमिका संदिग्ध थी। पुलिस जांच कर रही है कहीं साजिश के तहत तो मुल्जिम को नहीं भगाया गया। पुलिस को अंदेशा है कि कपिल शातिर बदमाश है, जिसका पकड़ना मुश्किल है। जो किसी वारदात को अंजाम देने के लिए फरार हुआ होगा। पुलिस ने कपिल के परिजनों को भी हिरासत में ले लिया है।