मेरठ। कंकरखेड़ा क्षेत्र में दो अप्रैल को हुई हिंसा में गिरफ्तार बसपा के पूर्व विधायक योगेश वर्मा से पुलिस ने अवैध पिस्टल भी बरामद की थी। जिसमें पुलिस ने शुक्रवार को योगेश के अलावा भोपाल चांदना और सुनील जाटव के खिलाफ एसीजेएम-10 एनके बख्शी की अदालत में अवैध हथियार रखने की चार्जशीट पेश की है।
बसपा नेता योगेश वर्मा की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। हिंसा फैलाने के आरोप में रासुका से जूझ रहे योगेश वर्मा पर अब अवैध हथियार रखने का मामला जुड़ गया है। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे योगेश वर्मा को अदालत में पेश किया गया। आरोपियों के अधिवक्ता रविकांत भारद्वाज ने आरोप पत्र का अवलोकन किया। अदालत ने आरोप पत्र का संज्ञान लिया।
कंकरखेड़ा पुलिस के अनुसार इन तीनों आरोपियों में योगेश वर्मा से प्रतिबंधित 7.65 बोर की पिस्टल और सुनील जाटव व भोपाल चांदना के पास से .32 बोर की पिस्टल बरामद हुई थी। इन तीनों से इन हथियारों के लाइसेंस मांगे गए थे। लेकिन कोई भी लाइसेंस नहीं दिखा पाया। जिसके बाद पुलिस ने जिलाधिकारी से तीनों आरोपियों के खिलाफ अवैध हथियार रखने के मामले में रिपोर्ट दर्ज करने अनुमति मांगी थी।
खास बातें:
दो अप्रैल को हुई हिंसा में गिरफ्तारी के दौरान बरामद हुए अवैध असलहे
योगेश वर्मा से प्रतिबंधित 7.65 बोर की पिस्टल, सुनील व भोपाल से मिली थी .32 बोर की पिस्टल