दरोगा की बेटी को पीटने पर तीन पर मुकदमा
मेरठ। दरोगा की बेटी को पीटने और मायके में घर के बाहर फेंककर जाने के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस लाइन में तैनात दरोगा सतवीर सिंह मलिक शास्त्रीनगर आई ब्लॉक में रहते हैं। दरोगा की बेटी प्रियंका की शादी मई 2013 में बुलंदशहर के कुतकपुर निवासी शिवम से हुई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल वाले दहेज की मांग कर रहे थे। रविवार को उसके पति ने एक लाख रुपये की मांग करते हुए विवाहिता को बंधक बनाकर पीटा गया और जान से मारने की कोशिश की। ससुराल में हालत बिगड़ने पर वे प्रियंका को मेरठ लेकर पहुंचे और घर के बाहर फेंककर फरार हो गए। सोमवार को पीड़िता ने महिला थाने पहुंचकर तहरीर दी। इंस्पेक्टर महिला थाना नेहा चौहान का कहना है कि मामले में पति शिवम, सास और ससुर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।