अपहृत युवती बरामद, हंगामा
मेरठ। लिसाड़ीगेट से अपहृत युवती को मंगलवार शाम पुलिस ने बरामद कर प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। इसकी जानकारी पर युवती के परिजन थाने पहुंच गये। वहीं युवती ने हंगामा करते हुआ कहा कि वह प्रेमी के साथ ही रहेगी। वहीं मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण थाने के बाहर भीड़ जुट गई।
लिसाड़ीगेट क्षेत्र निवासी युवती का हापुड़ के मावी गांव निवासी मुकेश से प्रेम प्रसंग चल रहा था। 13 फरवरी को युवती मुकेश के साथ चली गई। परिजनों ने युवती की उम्र 17 साल बताते हुए आरोपी युवक के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन के आधार पर मंगलवार शाम को पिलखुआ से युवती को बरामद कर लिया है, वहीं आरोपी को भी पुलिस साथ ले आई। एसओ का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट के बाद युवती के कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे। युवती ने पुलिस को दिए बयान में प्रेमी के साथ रहने की बात कही है।
मैं बालिग हूं, शादी कर ली है
युवती ने थाने में हंगामा करते हुए कहा कि उसकी उम्र बीस साल है। उसका अपहरण नहीं किया गया, बल्कि वह अपनी मर्जी से युवक के साथ गई थी। उसने मंदिर में शादी कर ली है। अब वह अपने प्रेमी के साथ ही रहना चाहती है। युवती ने प्रेमी को जेल भेजने पर हाथ की नस काटने की धमकी दी। वहीं युवती ने परिजनों से मिलने से भी इंकार कर दिया। इस दौरान युवती के परिजन रात में थाने के बाहर ही बैठे रहे।