कंकरखेड़ा (मेरठ)। बागपत के गांव किरठल निवासी प्रीति पुत्री रामनाथ सिंह की शादी एक साल पूर्व कंकरखेड़ा के कासमपुर निवासी धर्मेश कुमार पुत्र राम प्रसाद से हुई थी। विवाहिता के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग करने लगे। सोमवार को प्रीति ने फोन करके अपनी मां को बताया था कि उसका पति व सास उसके साथ मारपीट कर दो लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। मंगलवार को धर्मेश ने फोन कर बताया कि उनकी बेटी प्रीति की बीमारी के कारण मौत हो गई। इस पर वे कंकरखेड़ा पहुंचे। वहां प्रीति का शव देखकर लग रहा था कि उसको जहर देकर मारा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भिजवाया। वहीं विवाहिता के परिजनों ने पति व सास पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। इंस्पेक्टर दीपक शर्मा का कहना है कि तहरीर के आधार पर महिला के पति धर्मेश व सास संतोष के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। धर्मेश को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि सास अभी फरार है।