महिला के बैंक खाते से 6 लाख रुपये निकाले
मेरठ। किसी ने धोखाधड़ी कर ब्रह्मपुरी की एक महिला के बैंक खाते से 6 लाख रुपये निकाल लिए । बैलेंस चेक करने पर महिला को इसका पता चला। ब्रह्मपुरी निवासी कमलेश रोहतगी ने बैंक में जाकर पूछताछ की, लेकिन बैंक वाले भी स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। उसने ब्रह्मपुरी थाने पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी। इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी सतीश राय ने बैंक जाकर जांच पड़ताल की। इंस्पेक्टर के अनुसार महिला के खाते से 28 दिसंबर को विड्राल फार्म के माध्यम से रकम निकाली गई है। इस तरह रकम निकालने पर पास बुक की जरूरत होती है। महिला ने बताया कि नवंबर से उसकी पास बुक भी नहीं मिल रही। उसके घर में काम चल रहा है। इंस्पेक्टर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज चेक कर पता किया जाएगा कि बैंक से भुगतान कौन ले गया है। प्रबंधक से मंगलवार को फुटेज देने के लिए कहा गया है। इस मामले में महिला की तहरीर पर अज्ञात में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।