दो पक्षों में मारपीट और पथराव
मेरठ। लिसाड़ीगेट के आशियाना कॉलोनी में शनिवार को क्रि केट खेलने पर विवाद हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। पथराव की सूचना पर लिसाड़ीगेट पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।
आशियान कॉलोनी निवासी शादाब पुत्र मोहम्मद इस्लाम अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। इस बीच उसका पड़ोसी से विवाद हो गया। दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। शाम को पड़ोसी अपने साथियों के साथ पहुंचा और शादाब के घर में घुसकर मारपीट कर तोड़फोड़ कर दी। जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। इस दौरान पथराव भी हुआ। मारपीट में शादाब, उसकी मां शमशीदा, तैय्यब और एक किशोरी घायल हो गई। बाद में आरोपी बाइक छोड़कर भाग निकले। सूचना पर लिसाड़ीगेट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपियों के घर दबिश दी, लेकिन आरोपी फरार मिले। इंस्पेक्टर लिसाड़ीगेट का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जा रही है।