अमर उजाला ब्यूरो़
मवाना। गांव सीना में पुराने विवाद के चलते बृहस्पतिवार शाम दो पक्षों में मारपीट हो गई। एक पक्ष ने फायरिंग कर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। वहीं, थाना प्रभारी का कहना है कि तहरीर आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
बताया कि गांव से आज गंगदासपुर बारात गई थी। वहां पर दो पक्षों में पुराने विवाद को लेकर पहले कहासुनी हुई तथा बाद में भुगत लेने की धमकी दी गई। बारात शाम को गांव पहुंची तो दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। जिसमें दोनों पक्षों से दो लोग मामूली रूप से घायल हुए। वहीं, एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर फायरिंग कर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया। सूचना पाकर गांव पहुंची पुलिस तथा दोनों पक्षों के लोगों को थाने ले आई। समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई थी। दोनों पक्षों में समझौते के प्रयास चल रहे थे। इस संबंध में थाना प्रभारी संजय कुमार का कहना है कि अभी किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
बाइक में साइड लगने पर पिता-पुत्र से मारपीट
मवाना। अटौरा रोड पर बृहस्पतिवार देर शाम देर शाम छोटा हाथी की साइड बाइक में लग जाने पर बाइक सवार युवकों ने छोटा हाथी में सवार पिता-पुत्र से मारपीट कर दी तथा फरार हो गए। घायलों को पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया है।
मोहल्ला कल्याण सिंह निवासी शाबुद्दीन व उसका पिता फारुख छोटा हाथी लेकर अटौरा रोड की ओर से देर शाम मवाना की ओर आ रहे थे। फारुख छोटा हाथी चला रहा था। अटौरा रोड पर सामने से आ रही बाइक में साइड लगने पर बाइक सवार युवकों ने पिता-पुत्र को छोटा हाथी से खींच लिया तथा जमकर मारपीट करके घायल कर फरार हो गए। घायलों को लेकर लोग थाने पहुंचे। जहां पुलिस ने घायलों को सीएचसी भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर नहीं दी थी। थाना प्रभारी संजय कुमार का कहना है कि तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।