अमर उजाला ब्यूरो
मवाना। सहारनपुर में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के बाद योगी सरकार के आदेश पर पुलिस एवं प्रशासन ने अवैध रूप से कच्ची शराब बनाने वालों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने शराब की भट्ठियां तो तोड़ी, लेकिन एक भी माफिया हत्थे नहीं चढ़ सका। हालांकि पुलिस ने हरियाणा एवं अरुणाचल प्रदेश की बनी शराब के पव्वों के साथ माफिया को जेल भेजकर अपने कार्य की इतिश्री कर ली। खादर क्षेत्र की बात करें तो दो दिन से पुलिस एवं प्रशासन कच्ची शराब बनाने पर रोक लगाने के लिए डेरा डाले हुए है। हालांकि खादर की सच्चाई अभी भी कुछ ओर है। आज भी खादर में बेखौफ कच्ची शराब की भट्ठियां धधक रही हैं।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कच्ची शराब बनाने के मामले में खादर क्षेत्र पूरी तरह बदनाम है। यहां बड़े पैमाने पर कच्ची शराब बनाई जाती है और देहात क्षेत्र के साथ-साथ अन्य जिलों में भी यहां से तस्करी की जाती है। इस शराब की तस्करी के जरिए माफिया हर साल लाखों-करोड़ों के न्यारे-वारे कर रहे हैं। जहरीली शराब से अधिक मौत होने पर ही प्रशासन जागता है। यहां कार्रवाई करने के लिए डेरा डालकर भट्ठियां तोड़ने का कार्य करता है। पूर्व के आंकड़ों पर नजर डाले तो भट्ठियां तो तोड़ी गई, लेकिन आज तक हुई कार्रवाई में कोई माफिया पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका। पुलिस की यही कार्यशैली उस पर उंगली उठाती है कि हर बार पुलिस भट्ठियां तोड़कर इतिश्री कर लेती है। शराब बनाने वाले हर बार पुलिस की पकड़ से बाहर रहते हैं।
दर्जनों भट्ठियां धधक रहीं
सहारनपुर में जहरीली शराब से कई लोगों की मौत हो जाने के बाद एक्शन मोड़ में आई योगी सरकार ने कार्रवाई के आदेश दिए। जिसके बाद जिले के तमाम अधिकारी एवं पुलिस अधिकारी खादर क्षेत्र पहुंच गए। पिछले दो दिन से यहां शराब पर नकेल कसने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब तक दर्जनों भट्ठियां तोड़ चुकी है और हजारों लीटर लाहन नष्ट कर चुकी है। हालांकि सच्चाई कुछ ओर है। पुलिस ने चंद भट्ठियों को नष्ट कर इतिश्री कर ली, लेकिन अब भी कई गांवों में कच्ची शराब बनाने की भट्ठियां धुआं उगल रही हैं। बूढ़ी गंगा किनारे खादर क्षेत्र से जुड़े तारापुर, शहजादपुर, मानपुर, लतीफपुर, दूधली आदि गांव में भट्ठियों पर कच्ची शराब बनाई जा रही है।
कार्रवाई जारी है
पुलिस क्षेत्राधिकारी पंकज कुमार का कहना है कि जहां भी भट्ठियां संचालित हैं उन्हें जल्द तोड़ा जाएगा। कच्ची शराब बनाने वाले माफियं को जल्द पकड़कर जेल भेजा जाएगा।
पुलिस ने शराब की भट्ठी तोड़ी
हस्तिनापुर। खादर क्षेत्र में अवैध शराब को बंद करने के लिए अधिकारी क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं। दूसरे दिन रविवार को थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ खादर क्षेत्र के ग्राम लतीफपुर के पूरब दिशा में बूढ़ी गंगा किनारे पहुंचे। यहां कच्ची शराब की भट्ठी देखी तो उसे तोड़ दिया। वहां करीब चार हजार लीटर लाहन मिला। उसे नष्ट किया। पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र के शराब माफिया की जानकारी जुटाकर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। पुलिस-प्रशासन ने ग्रामीणों से कहा कि यदि क्षेत्र में अवैध शराब बनाने की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
मुख्य बातें
पुलिस-प्रशासन ने शराब माफिया के खिलाफ कार्रवाई तेज की परंतु हत्थे नहीं चढे़