अमर उजाला ब्यूरो
सरूरपुर। पुलिस ने शनिवार को मुठभेड़ के बाद एक कुख्यात बदमाश को घेराबंदी करके गिरफ्तार कर लिया। वहीं, दूसरा बदमाश भागने में कामयाब रहा। पुलिस के अनुसार बदमाश गिरोह का सरगना है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में तीस से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं।
सरूरपुर पुलिस को शनिवार दोपहर जानकारी मिली कि दो कुख्यात बदमाश खिवाई के रास्ते में वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। जिस पर पुलिस ने उनकी घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस ने करनावल खेड़ी मार्ग से मुठभेड़ के बाद कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया है। इस दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी। वहीं, उसका एक साथी मुठभेड़ के दौरान फरार होने में कामयाब रहा। जिसके चलते पुलिस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरूरपुर में भर्ती कराया। उसका नाम दिलशाद उर्फ चूहा पुत्र अख्तर बताया है। वह इंचौली थाना क्षेत्र के खरदौनी गांव का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक आरोपी डी 85 गैंग का सरगना है। उस पर इंचौली, ब्रह्मपुरी, भावनपुर एवं दौराला थाने में लूट एवं हत्या के प्रयास समेत 31 मुकदमें दर्ज हैं। सीओ सरधना संतोष कुमार सिंह ने बताया कि करनावल-खेड़ी संपर्क मार्ग पर कुख्यात दिलशाद उर्फ चूहा अपने साथी इस्तकार निवासी खिवाई के साथ जाता दिखाई दिया। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस कर्मियों पर फायरिंग कर दी। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि जवाबी कार्रवाई में दिलशाद गोली लगने से घायल हो गया जबकि उसका साथी इस्तकार मौका पाकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल दिलशाद को सरूरपुर सीएचसी में भर्ती कराया। उसका फरार साथी इस्तकार 25 हजार का इनामी बताया है। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
बदमाश के डेढ़ वर्षीय बच्चे का पता नहीं
पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार बदमाश दिलशाद की पत्नी का कहना है कि वह अपने पति के साथ बाइक पर जा रही थी। इसी दौरान खिवाई कस्बे के समीप पुलिस की गाड़ी ने बाइक को टक्कर मारकर गिरा दिया। जिसके चलते उसके डेढ़ वर्षीय अर्श घायल हो गया। पुलिस ने उसे उपचार के लिए कहकर भिजवाया था, लेकिन उसके बच्चे का अभी तक पता नहीं है।
मुख्य बातें
पुलिस ने करनावल खेड़ी मार्ग पर बदमाशों की घेराबंदी की, गोली लगने से एक घायल दूसरा फरार
साथी बदमाश इस्तकार निवासी खिवाई के रूप में हुई पहचान