हादसे में युवक घायल, वाहनों में तोड़फोड़
मोदीपुरम।
वलीदपुर गांव में सोमवार देर रात सड़क पर घूम रहे एक युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने सिवाया टोल प्लाजा पर जमकर हंगामा किया। साथ ही ट्रक व कैंटर चालक के साथ मारपीट कर तोड़फोड़ कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को शांत कराया।
वलीदपुर गांव निवासी अविनाश सोमवार देररात खाना खाकर सड़क पर टहल रहा था। तभी खतौली की तरफ से आए अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर 50 से अधिक ग्रामीण बाइक व गाड़ियों से सिवाया टोल प्लाजा पर जा पहुंचे। टोल से होकर गुजर रहे कैंटर चालक अतीक निवासी खरदौनी, इंचौली व ट्रक चालक विकास निवासी हाथरस को ट्रक से उतारकर पीट दिया और कई वाहनों में तोड़फोड़ कर दी। जब टोल कर्मियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया तो उनके साथ भी मारपीट की गई। सूचना पर पहुंचे इंस्पेक्टर दौराला मनोज मिश्रा ने ग्रामीणों को किसी तरह समझाय और सीसीटीवी फुटेज के जरिये वाहन को देख कार्रवाई की बात कही। वहीं पुलिस ने घायल कैंटर व ट्रक चालक का मेडिकल कराया। परिजनों द्वारा अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी गई है।