मेरठ। एक रिटायर्ड फौजी को कार सवार युवकों ने पीटकर लाइसेंसी पिस्टल लूट ली। पीड़ित रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाना पल्लवपुरम के तीन दिन से चक्कर काट रहा है। लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। सोमवार को इसकी एसएसपी से शिकायत की गई।
मूल रूप से गांव मलकपुर, बड़ौत निवासी विकास कुमार फौज से रिटायर्ड हैं और वर्तमान में पल्लवपुरम स्थित रोशनपुर डौरली में परिवार के साथ रह रहे हैं। विकास ने एसएसपी को दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि तीन मार्च को वे गांव से कार से घर आ रहे थे। छठी वाहिनी पीएसी के पास बस ने एक कार में साइड मार दी दी। कार सवार आधा दर्जन युवकों और बस के चालक और परिचालक में मारपीट हो गई थी। जिस पर विकास अपनी कार साइड में लगाकर बीचबचाव कराने पहुंच गए थे।
विकास का कहना है कि मामला निपटने के बाद जब वे वहां से निकले तो आरोपी युवकों ने ओवरटेक कर उनकी कार रुकवा ली और उन पर हमला बोलकर कार से लाइसेंसी पिस्टल लूट ली। आरोपी धमकी देकर फरार हो गए। बाद में पल्लवपुरम पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। विकास का आरोप है कि थाने में पुलिस ने तहरीर बदलवाकर यह लिखवा लिया कि वह कार खड़ी कर सामान खरीदने गया था। दस मिनट बाद आया तो कार से पिस्टल गायब मिली। पुलिस ने तहरीर बदलवाकर भी कार्रवाई करने से इंकार दिया।
क्या ऐसे होती है सुनवाई
रिटायर्ड फौजी विकास ने एसएसपी से सवाल किया कि क्या थानों में ऐसे ही सुनवाई होती है। तीन दिन से थाने के चक्कर काट रहा हूं। उल्टा पुलिस मुझे ही धमका रही है। एसएसपी मंजिल सैनी ने एसओ पल्लवपुरम को फटकार लगाते हुए जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
खास बातें:
रुड़की रोड पर छठी वाहिनी पीएसी के पास शनिवार को हुई घटना
थाना पल्लवपुरम में न्याय न मिलने पर एसएसपी के पास पहुंचा पीड़ित