चार स्थानों से लाखों का माल चोरी
मेरठ। शहर में शनिवार रात चोरों ने चार स्थानों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। चोर नकदी समेत लाखों का सामान चोरी कर ले गए। रविवार को चोरी की जानकारी हुई तो पुलिस मौके पर पहुंची।
नई बस्ती टीपी नगर निवासी पिंटू की पत्नी प्राइवेट जॉब करती है। शनिवार रात घर पर कोई नहीं था। इस बीच चोरों ने घर के ताले तोड़कर पांच हजार रुपये, दो मोबाइल फोन और अन्य सामान चोरी कर लिया। शास्त्रीनगर सेक्टर-11 निवासी मोहम्मद जाकिर परिवार के साथ किठौर में रिश्तेदारी में गए थे। चोरों ने बंद घर के ताले तोड़कर आठ हजार रुपये और सोने की चेन व महंगे कपड़े चोरी कर लिए। उधर, लिसाड़ीगेट की जाकिर कालोनी में शादाब के सैलून के ताले तोड़कर चोर इन्वर्टर, बैट्री और अन्य सामान चोरी कर ले गए। शास्त्रीनगर में कुटी चौराहे के पास सुदेश के फोटो स्टूडियो से कैमरा, इन्वर्टर, बैट्री और अन्य सामान चोरी कर लिया।