ट्रक-कार में टक्कर, हंगामा और मारपीट
मेरठ। टीपीनगर क्षेत्र में ट्रक और कार की टक्कर के बाद जमकर हंगामा हुआ। ट्रक चालक ने दोस्तों के साथ मिलकर कार चालक को पीटा। सूचना पर पुलिस पहुंची तो आरोपी फरार हो गये। कार चालक ने हमलावरों पर मुकदमा दर्ज कराया। बागपत निवासी सुनील कुमार शुक्रवार को मेरठ किसी शादी समारोह में आए थे। शाम को वह परिवार समेत घर रवाना हुए। मलियाना चौकी के पास एक ट्रक ने उनकी कार में टक्कर मार दी। सुनील ने ट्रक चालक से विरोध जताया तो वह गाली-गलौज करने लगा। तभी वहां पहुंचे कुछ अन्य युवकों ने सुनील के साथ मारपीट कर दी। सुनील ने पुलिस को सूचना दी। मलियाना चौकी प्रभारी दीपक कुमार मौके पर पहुंचे। सुनील ने ट्रक का नंबर दर्ज कराते हुए तहरीर दी। इंस्पेक्टर टीपीनगर प्रमोद कुमार ने बताया कि घटना के बाद लोगों से पूछताछ की गई थी। ट्रक मलियाना से बरामद किया गया है। पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।