कंकरखेड़ा। अपहृत किशोर की बरामदगी की मांग को लेकर परिजनों ने थाने में हंगामा कर दिया। राम नगर निवासी रोहताश के 16 वर्षीय बेटे अंकुर का गत 24 अप्रैल को अपहरण कर लिया गया था। परिजनों ने मोहल्ले के ही चार लोगों पर शक जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दो दिन पूर्व पुलिस ने मन्नु पुत्र मान सिंह को मामले में जेल भेज दिया था। मुन्नू ही अंकुर को हरिद्वार ले गया था। जहां वह उससे बिछड़ गया। मंगलवार को परिजन थाने पहुंचे और किशोर की बरामदगी की मांग को लेकर हंगामा किया। परिजनों ने पुलिस पर आरोपियों से साठगांठ करने का आरोप लगाया। इस दौरान विवेचना कर रहे एसआई राजदीप पुनिया से परिजनों की कहासुनी हो गई। इंस्पेक्टर दीपक शर्मा का कहना है कि एक आरोपी को जेल भेज दिया है। एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।