मेरठ। सदर बाजार क्षेत्र से तीन दिन पूर्व लापता हुई युवती के कागजात बृहस्पतिवार को एक कार से मिलने पर सनसनी फैल गई। सदर क्षेत्र की एक युवती दो दिन पहले लापता हो गई थी। इसको लेकर कुछ लोगों ने थाने पर हंगामा किया था। मौके पर मौजूद युवती की मां को पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर लौटा दिया था। बृहस्पतिवार को क्षेत्र के ही गैरेज पर एक कार धुलाई के लिए पहुंची। इस कार के डैश बोर्ड से लापता युवती से जुड़े कागजात मिलने पर हंगामा खड़ा हो गया। मामला बिगड़ता देख कार लाने वाला युवक फरार हो गया। कुछ ही देर में मामला थाने पहुंच गया। आदर्श सेवा समिति के अध्यक्ष अनस चौधरी और युवा सेवा समिति के अध्यक्ष बदर अली थाने पहुंचे। थानाध्यक्ष विजय गुप्ता ने दो दिन में युवती को बरामद करने का भरोसा दिलाकर हंगामा कर रहे लोगों को लौटा दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि कार किसकी है, इसका पता लगाया जा रहा है।