कार चालक ने बाइक में टक्कर मारी, युवक की मौत, एक घायल
- दौराला क्षेत्र के दादरी गांव के पास हाईवे पर हुआ हादसा
- नहीं पहना था हेलमेट
अमर उजाला ब्यूरो
दौराला। हाईवे पर दादरी गांव के पास बृहस्पतिवार सुबह कार चालक ने एक बाइक में टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। घायलों को मोदीपुरम स्थित अस्पताल में पहुंचाया। इस बीच एक युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने अज्ञात चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
दौराला थाना क्षेत्र के गांव दादरी निवासी अमित(28) पुत्र धर्मवीर बृहस्पतिवार सुबह गांव निवासी साथी मोदी के साथ बाइक से सकौती जा रहा था। हाईवे पर दादरी गांव के पास मुजफ्फरनगर की ओर से आई वैगनआर कार चालक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार अमित और मोदी सड़क पर फिसलते चले गए। घटना के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया। ग्रामीण घायलों को मोदीपुरम स्थित अस्पताल में लेकर गए। इस बीच घायल अमित ने दम तोड़ दिया। जानकारी पर पहुंची दौराला पुलिस ने अमित के परिजनों को जानकारी दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं साथी घायल मोदी का उपचार कराया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर मिथुन दीक्षित ने बताया कि बाइक सवार अमित व उसके साथी ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। अमित के शव का पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं तहरीर पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।