मेरठ। भावनपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुई मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी गोतस्कर पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जबकि उसका साथी फरार हो गया। पुलिस ने घायल को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया है।
एसपी देहात राजेश कुमार के मुताबिक भावनपुर के नंगला जई गांव के नाले पर गांव जई नंगला निवासी इमामुद्दीन उर्फ नेता अपने साथी के साथ वारदात करने की फिराक में बाइक लेकर खड़ा था। सूचना पर एसओ भावनपुर आशुतोष कुमार फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम को देखते ही इमामुद्दीन ने गोली चला दी, जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे। जवाबी फायरिंग में पुलिस की गोली इमामुद्दीन के पैर में लगी। उधर, मुठभेड़ की सूचना पर एसपी देहात और सीओ सदर देहात विजय प्रकाश मौके पर पहुंचे। फरार बदमाश की तलाश में जंगल में कांबिंग की गई। लेकिन उसका सुराग नहीं लगा।
उम्र 32, केस 35, इनाम 25 हजार
पुलिस के मुताबिक इमामुद्दीन उर्फ नेता की उम्र करीब 32 साल है और उस पर 35 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। किशोर उम्र में ही वह गोकशी करने लगा था। सपा के एक नेता का उसे संरक्षण मिला हुआ था। जिस कारण पुलिस भी उसे गिरफ्तार नहीं करती थी। गोकशी व गो तस्करी करना इमामुद्दीन का पेशा बन गया था। नेताओं के करीबी होने का इमामुद्दीन फायदा उठाता था। कई पुलिस वालों से भी उसकी अच्छी सेटिंग हो गई थी। इमामुद्दीन गोकशी के तीन मुकदमों में वांछित चल रहा था। जिसमें उस पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने उसके पास से तमंचा, एक बाइक और दो कारतूस बरामद किए हैं।
- भावनपुर के गांव नंगला जई नाले के पास हुई मुठभेड़
- घायल बदमाश पर दर्ज हैं 32 मुकदमे, साथी फरार