कंकरखेड़ा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष कौशल कुमार ने सीएम को पत्र भेज सहायक अध्यापक बिजेंद्र कुमार के परिजनों को न्याय दिलाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि सहायक अध्यापक बिजेंद्र कुमार ने माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड से चयनित होकर बुलंदशहर पब्लिक इंटर कॉलेज में कार्य संभाला था। जहां पर वेतन को लेकर विद्यालय प्रबंधक व जिला विद्यालय निरीक्षक के ऑफिस के दो बाबुओं ने बिजेंद्र का मानसिक उत्पीड़न किया। चार लाख रुपये रिश्वत लेने के बाद भी वेतन नहीं दिया। जिसके बाद उत्पीड़न से तंग आकर बिजेंद्र ने आत्महत्या कर ली। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक के माध्यम से सीएम को पत्र भेजा है।