मेरठ। टीपी नगर क्षेत्र में रविवार रात से लापता युवती सोमवार सुबह रेलवे लाइन पर घायल हालत में मिली। युवती के साथ गैंगरेप और मारपीट का शोर मच गया। पुलिस ने उससे पूछताछ के बाद दावा किया कि प्रेमी के शादी से इंकार करने पर युवती नाराज होकर आत्महत्या करने रेलवे लाइन पहुंच गई और खुद को घायल कर लिया।
इंस्पेक्टर टीपी नगर परशुराम त्रिपाठी के अनुसार रविवार देर रात युवती के परिजनों ने थाने आकर सूचना दी कि उनकी बेटी दुकान से सामान लेने गई थी। लेकिन नहीं लौटी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। परिजन भी तलाश में जुटे थे। सोमवार सुबह करीब छह बजे युवती मलियाना ट्रैक के पास घायल अवस्था में मिली। उसके सिर में गहरी चोट लगी थी। पुलिस ने घायल युवती को मेडिकल में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार युवती ने परिजनों को बताया कि रात को तीन-चार नकाबपोश युवक उसे उसे जबरन कुछ सुंघाकर जंगल में ले गए थे। उन्होंने ही उसे घायल किया है। होश आने पर वो रेलवे लाइन पर थी। लेकिन पुलिस को ये बात अटपटी लग रही थी।
तो ट्रैक पर सिर पटका
इंस्पेक्टर के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि युवती मोहल्ले के ही युवक से शादी करना चाहती थी लेकिन युवक तीन-चार साल बाद शादी करने की बात कह रहा था। इसी वजह से रात को युवती नाराज होकर आत्महत्या करने के इरादे से ट्रैक पर पहुंची थी। लेकिन ट्रेन न आने पर ट्रैक पर सिर पटका, जिससे वो घायल हो गई। इंस्पेक्टर के अनुसार तहरीर पर आरोपी युवक राहुल उर्फ सोनू के खिलाफ बहला फुसलाकर ले जाने और मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी सिटी रणविजय सिंह ने कहा कि गैंगरेप की बात गलत थी। मामला प्रेम प्रसंग का था। प्रेमी के शादी से इंकार करने की वजह से ही युवती ने खुद ये कदम उठाया था।
खास बातें:
युवती से गैंगरेप का शोर मचा, पूछताछ के बाद पुलिस ने किया इंकार