मेरठ। चौधरी चरणसिंह यूनिवर्सिटी में मंगलवार सुबह क्रिकेट मैच के दौरान शुएब और मुजीब में कहासुनी हो गई थी। क्रिकेट खेलते छात्रों ने दोनों में समझौता कर दिया था। मुजीब ने शाम छह बजे शुएब को कॉल कर कहा कि अगर दम है तो शास्त्रीनगर आकर दिखा।
पुलिस के अनुसार शुएब अपने भाई दानिश और दोस्त शुएब को लेकर शास्त्रीनगर पहुंच गया। जहां पर पहले से मुजीब अपने भाइयों व दोस्तों के साथ हथियारों से लैस खड़ा था। शुऐब, दानिश और उनके दोस्त को स्कूटी पर आते देख मुजीब और उसके भाईयों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। जिसमें दोनों भाइयों को गोली लगी। जबकि दोस्त शुऐब वहां से भाग निकला।
छक्का न मानने पर बिगड़ी बात
इंस्पेक्टर नौचंदी बृजेश सिंह ने बताया है कि यूनिवर्सिटी में शुऐब और मुजीब के बीच मैच था। जिसमें मुजीब का एक छक्का नहीं माना था, जिस पर दोनों में विवाद हुआ था। तभी मुजीब ने कहा था कि शुएब तुझे मैं जिंदा नहीं छोड़ूंगा।
सलमान गैंग का बताया दानिश
एसपी सिटी रणविजय सिंह के मुताबिक दानिश कोतवाली के सलमान गैंग से जुड़ा था। दानिश पर मुकदमे भी बताए जा रहे हैं। उसका रिकॉर्ड निकाला जा रहा है। पुलिस दूसरे एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं हत्या के पीछे कोई दूसरी वजह तो नहीं है।
खास बातें:
- चौधरी चरणसिंह यूनिवर्सिटी में क्रिकेट के दौरान हुआ था विवाद
- शुएब अपने भाई दानिश गुर्जर और एक दोस्त लेकर पहुंच गया था