मेरठ। नोएडा में दो इमारतें गिरने के मामले में नामजद बिल्डर सलीम मेवाती की तलाश में बुधवार देर रात पुलिस ने दबिश दी। एसएसपी राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि नोएडा में सलीम मेवाती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज बतायी गई है। जिसकी तलाश में मंगलवार रात नोएडा और गाजियाबाद पुलिस भी मेरठ आई थी। बिल्डर की तलाश में क्राइम ब्रांच टीम लगाई है।
एसएसपी के मुताबिक एएसपी कैंट सतपाल सिंह के नेतृत्व में टीम बनाई है। सलीम मेवाती की तलाश में लिसाड़ीगेट और परतापुर के ततीना गांव में दबिश दी गई। लेकिन वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा। नोएडा में हादसे की जानकारी लगते ही सलीम मेवाती और उसका परिवार घर से सामान समेटकर फरार हो गया। एसएसपी ने बताया कि आरोपी बिल्डर का मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाया है। आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि मंगलवार शाम सलीम मेवाती अपने भाई शाहबुद्दीन के मेडिकल स्टोर पर बैठा था। जैसे ही इमारत गिरने की सूचना लगी, तभी आनन फानन में परिवार फरार हो गया। सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला ने बताया कि सलीम मेवाती की तलाश में दबिश जारी हैं। इंस्पेक्टर लिसाड़ी गेट और उनकी टीम मेवाती के घर पर लगाई गई है। ताकि कोई जानकारी मिल सके।