मेरठ। ट्रेन के आगे कूदकर जान देने के लिए रेलवे ट्रैक पर पहुंची एक युवती को यूपी 100 पुलिस ने ऐन मौके पर बचा लिया।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से मोदीनगर निवासी 18 वर्षीय एक युवती ने कुछ समय पहले ही पढ़ाई छोड़ी है। युवती पावलीखुर्द कंकरखेड़ा में अपने मामा के यहां रह रही है। रविवार देर शाम युवती रेलवे लाइन पर पहुंची और ट्रेन का इंतजार करने लगी। इस बीच एक युवक ने कंट्रोल रूम को सूचना दे दी। यूपी 100 की 560 पीआवी मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने युवती को ट्रैक से हटाया तो चंद मिनट बाद ही ट्रेन आ गई। आसपास के लोगों ने बताया कि यदि पुलिस नहीं आती तो युवती की जान चली जाती। बाद में युवती को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। एसएसपी राजेश पांडेय ने यूपी 100 गाड़ी पर तैनात पुलिसकर्मी अनुज कुमार, जगवीर सिंह की सराहना करते हुए प्रशस्ति पत्र देने की बात कही है।