कचहरी में प्रेमी युगल की धुनाई, हंगामा
मेरठ। कचहरी में बृहस्पतिवार को प्रेमी युगल की जमकर धुनाई हुई। युगल दिल्ली से कोर्ट में शादी करने आया था। इसकी जानकारी पर किशोरी के परिजन मेरठ पहुंच गए। पुलिस ने किशोरी को महिला थाने भेज दिया, जबकि प्रेमी मौके से फरार हो गया।
एसओ सिविल लाइन नीरज मलिक के मुताबिक दिल्ली की किशोरी का मेरठ निवासी मनीष से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। मनीष की शाहदरा में दर्जी की दुकान है। तीन दिन पूर्व मनीष किशोरी को लेकर फरार हो गया। जिसमें अपहरण का मुकदमा दिल्ली में दर्ज हुआ। मंगलवार को मनीष व किशोरी मेरठ कचहरी में लव मैरिज करने पहुंचे। इसकी जानकारी पर किशोरी के परिजन कचहरी में पहुंच गए और दोनों पकड़ लिया। इस दौरान परिजनों ने दोनों की पिटाई शुरू कर दी। वहीं मौका देख मनीष भाग निकला। फैमिली कोर्ट के बाहर मारपीट की जानकारी लगते ही महिला पुलिस व सिविल लाइन थाना पुलिस पहुंची। पुलिस किशोरी और उसके परिजनों को महिला थाने ले गई। इंस्पेक्टर महिला थाना नेहा चौहान ने बुधवार को किशोरी को कोर्ट के समक्ष पेश करने की बात कही है। वहीं पूरे मामले की सूचना दिल्ली पुलिस को भी दे दी गई है।
खास बातें:
दिल्ली से शादी करने आए थे, प्रेमी मौके से भागा