सदर बाजार में मंगलवार सुबह दो लुटेरों ने एक वृद्धा के कुंडल नोंच लिए। इस वृद्धा उनसे भिड़ गई। शोर सुनकर लोग दौड़े और घेराबंदी कर लुटेरों को पकड़कर धुन डाला। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल लुटेरों को थाने ले आई। महिला का प्राथमिक उपचार जिला अस्पताल में कराया।
कबाड़ी बाजार 279/ ई सदर बाजार निवासी राजरानी (55) पत्नी रमेश चड्ढा सुबह 11 बजे बाजार में जा रही थीं। सदर बाजार स्थित तेली मोहल्ले के पास बाइक पर पीछे से आए दो लुटेरों ने वृद्धा के कुंडल नोंच लिए। वृद्धा के कान से खून बहने लगा। इस पर वृद्धा चिल्लाई और बाइक पर पीछे बैठे लुटेरे को पकड़कर खींच लिया। लुटेरों की बाइक फिसल गई। वृद्धा दोनों लुटेरों पर बहादुरी के साथ टूट पड़ी।
यह देख लोगों ने भी लुटेरों की जमकर धुनाई की और उनसे लूटे गए कुंडल ले लिए। सूचना पर पहुंची सदर बाजार पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर सदर बाजार प्रशांत कपिल ने बताया कि आरोपी मनीष पुत्र सतीश निवासी जवाहरनगर कंकरखेड़ा और रवि यादव पुत्र जोगेंद्र यादव निवासी मलियाना शेखपुरा टीपीनगर हैं। दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं पुलिस ने वृद्धा का जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया। पुलिस ने बताया कि वृद्धा के पति रमेश और बेटे हर्ष चड्ढा की सदर बाजार में दुकान है। वारदात की जानकारी लगते ही परिवार भी मौके पर पहुंचा।
नशे में दोनों आरोपी, कई वारदात कबूली
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी नशे में टल्ली थे। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे सूखा नशा करने के बाद ही वारदात करते हैं। दोनों ने कई लूट की वारदात करना कबूल किया है। उनका टारगेट सिर्फ महिलाएं होती हैं। पर्स, चेन स्नैचिंग या फिर कुंडल नोंचते हैं।
खास बात
कुंडल नोंच कर भाग रहे लुटेरों को पकड़ा, लोगों ने की धुनाई