दौराला। थाना क्षेत्र के समौली गांव निवासी युवक का थाना रोहटा क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती से कई साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। बताया कि इसकी जानकारी युवती के परिजनों को हुई तो उन्होंने विरोध किया। बताया कि तीन दिन पहले दोनों घर से फरार हो गए थे। इसके बाद युवती के परिजनों ने थाना रोहटा में मामला दर्ज कराया था। प्रेमी युगल दौराला थाने पहुंचा और सुरक्षा की गुहार लगाई। इस पर दौराला पुलिस ने रोहटा थाने में मामले की जानकारी दी। इसके बाद रोहटा पुलिस दोनों को साथ ले गई। दौराला एसओ रितेश कुमार का कहना है कि मामला रोहटा थाने से जुड़ा है और वहां रिपोर्ट भी दर्ज है। इस मामले में कार्रवाई रोहटा पुलिस करेगी।