सीसीटीवी से पकड़ा गया मोबाइल चोर
मेरठ। टीपी नगर में अंकुर त्यागी का कुरियर सेंटर है। शनिवार रात उनके सेंटर से उनका आईफोन (मोबाइल) चोरी हो गया, जिसकी कीमत करीब एक लाख है। उन्होंने ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी तो एक युवक मोबाइल ले जाता हुआ दिखा। आरोपी युवक मलियाना निवासी संदीप पहले उनके सेंटर पर काम करता था। अंकुर ने टीपी नगर थाने तहरीर देकर फुटेज पुलिस को सौंप दी। इंस्पेक्टर टीपी नगर ने बताया कि संदीप के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसने अपने घर से मोबाइल भी बरामद करा दिया। आरोपी का कहना था कि कुरियर संचालक का उसके साथ रुपयों के लेन-देन को विवाद चल रहा था। संचालक उसके रुपये नहीं दे रहा था इसलिए वो उसका मोबाइल लाया था ताकि वो उसके रुपये दे दे। वहीं पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।