रिश्तों में घुल रहा ‘खूनी जहर’
मेरठ। मामूली विवाद में लोग रिश्तों को शर्मसार करते हुए खून से हाथ रंग रहे हैं। जिले में 24 घंटे के भीतर दूसरी शर्मसार करने वाली घटना ने लोगों को हिलाकर रख दिया। किठौर में बृहस्पतिवार को एक पिता ने अपने भाइयों को रंजिश में फंसाने के लिए अपने ही बेटे की चाकू से गला काटकर हत्या कर दी। शुक्रवार को इंचौली के सैनी गांव में एक पिता ने पत्नी से विवाद होने पर सात माह की बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। ये वारदात खून के रिश्ते शर्मसार कर रही हैं। सात जन्मों तक साथ निभाने की कसम खाने वाला पति अपनी ही पत्नी की हत्या में जेल जा रहा है। बेटा मां की हत्या कर रहा है। पिछले कुछ समय में जिले में ऐसी कई वारदात हुई हैं।
इन वारदातों ने किया शर्मसार
किठौर में बृहस्पतिवार को बेटे की हत्या में पिता गिरफ्तार।
खरखौदा के पीपलीखेड़ा में पत्नी की हत्या में 16 माह बाद पति गिरफ्तार।
हस्तिनापुर में सात माह पहले युवक ने चाचा व चाची की गोलियों से भूनकर हत्या की।
पल्लवपुरम क्षेत्र में एक साल पहले महिला की हत्या में पति गिरफ्तार।
परीक्षितगढ़ क्षेत्र में एक साल पहले महिला की हत्या में बेटा और पति गिरफ्तार।
लिसाड़ीगेट में दिसंबर 2016 में युवक की हत्या में भाई गिरफ्तार।
गंगानगर में दो साल पहले पत्नी ने प्रेमी के साथ पति की हत्या कर शव घर में दबाकर फर्श करा दिया।
फलावदा में डेढ़ साल पहले युवक ने बहन की गोली मारकर हत्या की।
शास्त्रीनगर में चार साल पहले पिता ने अपनी बेटी की पानी के डब में डुबोकर हत्या की।