तालाब में डूबने से मासूम की मौत
सरूरपुर। थाना क्षेत्र के गांव डाहर में बृहस्पतिवार दोपहर को एक मासूम की तालाब में डूबने से मौत हो गई। बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया है कि मासूम तीन दिन पहले अपने नाना के यहां पर आया था। वहीं सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजन मासूम के शव को अपने साथ ले गए।
गांव डाहर निवासी पिंकी की शादी बुढ़ाना के गढ़ी गांव में हुई है। जो अपने सात वर्षीय बालक दक्ष को लेकर तीन दिन पहले मायके में अपने पिता देवेंद्र के यहां आई हुई थी। बृहस्पतिवार दोपहर को मासूम दक्ष घर के बाहर तालाब किनारे कुत्ते के बच्चों के साथ खेल रहा था। इस बीच अचानक मासूम कुत्ते के बच्चों के साथ तालाब में घुस गया। जहां वह कीचड़ होने के चलते उल्टे मुंह गिर गया। इस बीच पड़ोस की महिला ने मासूम को देखकर शोर मचाया। तब जाकर लोगों ने मासूम को बाहर निकाला। लेकिन तब तक मासूम की मौत हो चुकी थी। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। इस दौरान हादसे की सूचना मृतक किशोर के परिजनों को दी गई। मौके पर पहुंचे परिजन शव को अपने साथ ले गए। वहीं, मासूम की मौत से गांव में कोहराम मच गया। जिसके चलते मृतक को देखने वालों का तांता लग गया।