मवाना। मेरठ रोड स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप पर करीब डेढ़ महीने पहले हुई लूट में पुलिस खुलासे के नजदीक पहुंच गई है। उसने एक संदिग्ध को पकड़ने के लिए उसके रिश्तेदार को हिरासत में ले रखा है। हालांकि संदिग्ध हरिद्वार जेल में बताया जा रहा है।
कस्बे के प्रीतनगर निवासी गजेंद्र का मेरठ रोड पर रिलायंस पेट्रोल पंप है। बीती 22 अगस्त की रात को कार सवार पांच बदमाशों ने गार्ड नाहर सिंह को घायल कर बंदूक एवं 65 हजार रुपये लूट लिये थे। एसएसपी ने इस घटना के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच, एसटीएफ और पुलिस को लगा रखा है। पुलिस ने इस मामले में मेरठ के समर गार्डन निवासी एक वृद्ध को हिरासत में ले रखा है। बताया कि वृद्ध के दामाद को पुलिस वारदात में शामिल मान रही है। वृद्ध ने बताया कि उसका दामाद फिलहाल हरिद्वार में हुई लूट के मामले में 13 सितंबर से जेल में बंद है। मवाना पुलिस के कहने पर वह हरिद्वार में उससे मिलने गया था और लूटी गई बंदूक के बारे में पूछा परंतु उसने वारदात में शामिल होने से इनकार कर दिया। वहां से लौटने पर पुलिस ने वृद्ध को हिरासत में ले लिया। सीओ अखिलेश भदौरिया का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पूछताछ के लिए वृद्ध को हिरासत में लिया है।
मुख्य बातें
पुलिस ने जेल में बंद बदमाश के ससुर को हिरासत में लिया