अमर उजाला ब्यूरो
मवाना। गाढ़ो वाले चौक से बृहस्पतिवार देर शाम बाइक चोरी करके भाग रहे चोर ने मेरठ-पौड़ी मार्ग पर घास काट रही एक महिला को टक्कर मार दी। इससे महिला एवं चोर दोनों घायल हो गए। वहां से गुजर रही एंबुलेंस में राहगीरों ने दोनों को गंगानगर स्थित अस्पताल में भेज दिया। हालांकि चोर वहां से मौका पाकर भाग निकला।
मिल रोड निवासी महबूब की बाइक गाढ़ो वाले चौक से एक चोर ने चुरा ली। उसे कुछ लोगों ने देख लिया और स्कूटी से पीछा किया। चोर ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी, जिस कारण वह हत्थे नहीं चढ़ सका। हालांकि मेरठ-पौड़ी मार्ग पर राफन चौराहे से कुछ आगे घास काट रही महिला कौशल को बाइक ने टक्कर मार दी। जिससे कौशल और चोर दोनों घायल हो गए। इस पर वहां राहगीर एकत्र हो गए और एंबुलेंस से अस्पताल भेज दिया। इसी बीच बाइक चोरी होने की सूचना फ्लैश हुई। उधर, दुर्घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस को बाइक मिल गई। इस पर पुलिस अस्पताल की ओर दौड़ी, लेकिन तब तक चोर वहां से रफू चक्कर हो चुका था। थाना प्रभारी मनीष बिष्ट ने मौके पर जाकर तलाशी ली, कहीं चोर का मोबाइल या कुछ कागज न गिर गया हो परंतु सफलता नहीं मिल सकी। थाना प्रभारी मनीष बिष्ट का कहना है कि उन्हें सूचना मिलने से पहले ही राहगीरों ने चोर एवं महिला को एंबुलेंस में बैठाकर गंगानगर के एक अस्पताल में भेज दिया था। बाइक पुलिस के कब्जे में है।
मुख्य बातें
एंबुलेंस में महिला के साथ अस्पताल पहुंचा चोर, अस्पताल से हुआ रफूचक्कर