दौराला। लावड़ कस्बे से ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही एक छात्रा से बाइक सवार तीन युवकों ने छेड़छाड़ कर उसे जबरन ईख में खींचकर दुष्कर्म का प्रयास किया। छात्रा का शोर सुनकर राहगीर मौके पर पहुंचे। लोगों को देख दो आरोपी फरार हो गए जबकि एक को ग्रामीणों ने दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया और छात्रा को भी थाने ले गई। छेड़छाड़ कि आरोपी दूसरे समुदाय के होने से गांव में तनाव की स्थिति बन गई। पीड़ित छा़त्रा ने आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
दौराला थाना क्षेत्र के गांव निवासी एक छात्रा लावड़ स्थित एक कॉलेज में कक्षा 12 में पढ़ती है। बताया कि वह बुधवार अपराह्न लगभग तीन बजे गांव से लावड़ में ट्यूशन पढ़ने के लिए आ रही थी। इसी बीच दूसरे समुदाय के तीन युवक बाइक पर सवार होकर गांव से ही उसके पीछे लग गए। उन्होंने छात्रा के साथ छेड़छाड़ कर दी। छात्रा ने लावड़ पहुंचकर फोन पर इसकी जानकारी परिजनों को दी। ट्यूशन पढ़ने के बाद छात्रा घर लौट रही थी। तीनों युवक फिर से उसके पीछे लग गए और अकेली पाकर उसे ईख में खींचकर दुष्कर्म करने का प्रयास किया। छात्रा ने चीख पुकार मचाई तो राहगीर उधर दौड़े। उन्हें आता देख दो आरोपी वहां फरार हो गए जबकि एक को राहगीरों ने दबोच लिया। उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। दौराला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसकी बाइक कब्जे में ले ली। पुलिस छात्रा को भी अपने साथ थाने में ले आई। छात्रा के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं, पीड़ित छात्रा ने तीनों आरोपियों के खिलाफ दौराला थाने में छेड़छाड़ करने, जातिसूचक शब्द कहनेे और मारपीट करने की तहरीर दी है। पुलिस ने फरार दोनों आरोपियों की तलाश में दबिश दी। वहीं, इंस्पेक्टर मनोज मिश्र का कहना है कि फरार दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। छात्रा की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य बातें
राहगीरों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा, दो फरार