किठौर। बाइक सवार तीन बदमाश माछरा स्थित भारत गैस एजेंसी पर धावा बोलकर तमंचे के बल पर कर्मचारियों से एक लाख 55 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। कर्मचारियों ने पुलिस को फोन करके जानकारी दी। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश में चेकिंग अभियान चलाया। हालांकि कामयाबी नहीं मिली। इस बाबत गैस एजेंसी मालिक ने तीन अज्ञात बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ मुकदमा कायम कराया है।
थाना प्रभारी प्रमोद गौतम ने बताया कि माछरा स्थित भारत पेट्रोलियम की सरस्वती गैस एजेंसी करनपाल पुत्र सुखवीर सिंह की है। उसकी देखरेख उसका भाई मिंटू करता है। पीड़ित के अनुसार बुधवार दोपहर करीब तीन बजे वह और उसका गेट कीपर कपिल पुत्र जगवीर आफिस में बैठकर काम निपटा रहे थे। इसी दौरान हेलमेट पहने बाइक सवार तीन बदमाश आए। दो बदमाश अंदर आफिस में घुस आए और एक बदमाश बाहर गेट पर खड़ा हो गया। इस पर बदमाशों ने तमंचे दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए गल्ले से करीब एक लाख 55 हजार रुपये लूट लिये। पीड़ित ने बताया कि बदमाश सभी रुपये लूटकर ले गए। उनके जाने के बाद उन्होंने शोर मचाया, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। पुलिस ने बताया कि गैस एजेंसी माछरा में जंगल में है। बदमाश लूट के बाद आराम से फरार हो गए। वहीं, मामले की छानबीन की जा रही है। इस बाबत एजेंसी मालिक ने मुकदमा दर्ज कराया है।
मुख्य बातें
माछरा के जंगल स्थित एजेंसी में बाइक सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम
बदमाश तमंचे के बल पर 1.55 लाख रुपये लूट ले गए