किठौर। कस्बा शाहजहांपुर में शनिवार को कालाबाजारी का विरोध करने पर राशन डीलर और उसके दर्जनों समर्थकों ने महिलाओं के साथ गालीगलौज और अभद्रता करके मारपीट की। चीख पुकार सुनकर सैकड़ों लोग मौके की ओर दौडे़ तो उसके समर्थकों ने चेयरपर्सन पति और उनके साथियों के साथ भी गालीगलौज कर हमला बोल दिया। जिससे गांव में तनाव की स्थिति है। बाद में लोग की संख्या बढ़ने पर राशन डीलर के समर्थक जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। वहीं, महिलाओं ने राशन डीलर को बंधक बनाकर सरकारी सस्ते गल्ले के रजिस्टर समेत पुलिस को सौंप दिया। महिलाओं ने राशन डीलर के खिलाफ थाने में हंगामा किया। एक महिला ने डीलर पति के खिलाफ मारपीट तथा अश्लील हरकत करने तहरीर दी।
शाहजहांपुर चेयरपर्सन पति तबारकउल्ला ने बताया कि कस्बे में फिरदौस पत्नी फिदाहुसैन की सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान है। दुकान पर उसका पति भी बैठता है। आरोप है की काफी समय से राशन की काला बाजारी की शिकायत मिल रही थी। शनिवार को डीलर पति फिदाहुसैन राशन बांट रहा था। आरोप है कि कुछ महिलाएं राशन लेने पहुंचीं तो उसने राशन देने से इनकार कर दिया। महिलाओं ने इसका विरोध किया। आरोप है कि राशन डीलर ने फोन करके अपने समर्थक बुला लिये। उन्होंने महिलाओं से गालीगलौज करते हुए मारपीट की। महिलाओं की चीख सुनकर नगर पंचायत कार्यालय में बैठे चेयरपर्सन पति तबारकउल्ला और उसके कुछ रिश्तेदार वहां पहुंचे और मारपीट का विरोध किया। राशन डीलर और उसके समर्थकों ने उन पर भी हमला बोल दिया। जिससे वहां भगदड़ मच गई। झगडे़ की सूचना पर सैकड़ो लोग उधर दौडे़। इस पर समर्थक जान से मारने की धमकी देेते हुए फरार हो गए। इस पर महिलाओं ने राशन डीलर को उसके रजिस्टर कब्जे में लेकर बंधक बना लिया और फोन करके पुलिस को बुलाकर पुलिस को सौंप दिया। जिसके बाद चेयरपर्सन पति ने कालाबाजारी की शिकायत उच्चाधिकारियों से की। इसके बाद सप्लाई इंस्पेक्टर सुनील भटनागर मौके पर पहुंचे और स्टाक की जांच की। उन्होंने बताया कि दुकान में स्टाक ज्यादा मिला है। राशन डीलर को इस मामले में कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। दोषी पाए जाने पर एजेंसी निरस्त की जाएगी। वहीं, थानाध्यक्ष का प्रमोद कुमार गौतम का कहना है कि देर शाम दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।
चेयरपर्सन पति के खिलाफ तहरीर दी
किठौर। कस्बा शाहजहांपुर में राशन की कालाबाजारी को लेकर हुए हंगामे के बाद डीलर फिरदौस जहां ने भी चेयरपर्सन पति और उसके कुछ साथियों को नामजद करते हुए सरकारी काम में बाधा, दुकान से कागजात, नगदी ले जाने की तहरीर दी है। पुलिस का कहना है की मामले की जांच की जा रही है।
वर्जन
काफी समय से फिरदौस जहां की शिकायत मिल रही थी। उसे कई बार समझाया गया। शनिवार को भी उसने महिलाओं के साथ मारपीट की। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उच्चाधिकारियों से मिलकर शिकायत करके दुकान निरस्त करने की मांग की जाएगी। -राना बेगम, चेयरपर्सन