मवाना/मेरठ। गांव कौल में रजवाहे में नहाने को लेकर हुए विवाद में पड़ोसी गांव के दो दर्जन युवकों ने हमला बोल दिया। इस दौरान फायरिंग में सिपाही के पेट में गोली लगी जबकि धारदार हथियार से दो युवक घायल हो गए। मौके पर पहुंचे एसपी देहात ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गांव कौल निवासी दिनेश चंद त्यागी ने अपने बाग में मंदिर बना रखा है। प्रत्येक वर्ष 21 जून को वे भंडारा करते हैं। जिसमें रिश्तेदारों को भी आमंत्रित किया जाता है। पूजा पाठ और भंडारे के बाद परिवार के सभी सदस्य पास ही रजवाहे में स्नान करते हैं।
बृहस्पतिवार को भी पूजा पाठ और भंडारा समाप्त होने के बाद रिश्तेदार व परिवार की महिलाएं रजवाहे में स्नान करने पहुंचे। उस समय तीन चार युवक नहा रहे थे। महिलाओं के कारण परिवार के लोगों ने उनसे थोड़ी दूर जाकर नहाने को कहा। आरोप है कि उस समय तो युवक चले गए। लेकिन कुछ देर बाद ही 20- 25 युवक वहां पहुंचे और रजवाहे में नहा रहे लोगों पर लाठी डंडे और धारदार हथियार से हमला बोल दिया। इस दौरान फायरिंग में एक गोली दिनेश चंद त्यागी के रिश्तेदार आसू त्यागी पुत्र महेश चंद त्यागी निवासी खाईखेड़ा मुजफ्फरनगर के पेट में जा लगी। सिपाही आसू का हाल ही में एसटीएफ मेरठ से मुरादाबाद ट्रांसफर हुआ था। वहीं, विनीत और बॉबी डंडे व चाकू लगने से घायल हो गए।
करीब दस राउंड फायरिंग कर हमलावर फरार हो गए। तीनों घायलों को परिजनों ने आनंद अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर एसपी देहात राजेश कुमार और मवाना इंस्पेक्टर एमपी सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। एसपी देहात के अनुसार जांच पड़ताल में सामने आया कि हमलावर पड़ोस के सकौती गांव के रहने वाले हैं। जिनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
बच्ची ने बताई पूरी घटना
इंस्पेक्टर मवाना जब मौके पर पहुंचे तो किसी ने घटना के बारे में बताने का साहस नहीं दिखाया। इस दौरान छह साल की एक बच्ची थाना प्रभारी के पास पहुंची तथा पूरी घटना की जानकारी दी। बच्ची के आगे आने के बाद परिवार के लोगों ने घटना के बारे में जानकारी दी।