सरधना। प्रभातनगर में बुधवार रात चोरों ने ट्रांसपोर्टर के बंद मकान का ताला तोड़कर वारदात की। इसकी जानकारी बृहस्पतिवार सुबह हुई। परिवार के सदस्य दस जून को मकान का ताला लगाकर दिल्ली रिश्तेदारी में गए हुए थे। मकान में दो नाली बंदूक भी रखी हुई थी। चोर करीब 9 लाख रुपये कीमत का सामान चोरी कर ले गए। पीड़ित ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस के साथ फोरेंसिक जांच टीम ने भी मौके पर जाकर पड़ताल की।
बिनौली रोड मेनका फैक्ट्री के निकट मोहल्ला प्रभातनगर निवासी राजेश पालीवाल और उसका भाई राधेश्याम पुत्रगण ओमप्रकाश रहते हैं। राजेश पालीवाल ने बताया कि दस जून को दिल्ली में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए पूरा परिवार गया हुआ था। वे मकान का ताला बंद करके गए थे। घर पर कोई मौजूद नहीं था। इसी बीच 13 जून की रात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर दो मंजिला मकान में चोरी की। चोर दो नाली लाइसेंसी बंदूक, करीब नौ लाख रुपये की कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और चार हजार रुपये चोरी कर ले गए। राजेश पालीवाल ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। फोरेंसिक जांच टीम ने मौके पर जाकर जांच की। एसएसआई मुकेश कुमार ने बताया कि चोरी की इस घटना के खुलासे के लिए पुलिस जुट गई है।
मुख्य बातें
पुलिस के साथ ही फोरेंसिक जांच टीम ने भी किया निरीक्षण