खरखौदा। अपाचे सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने बुधवार रात्रि हापुड़ रोड पर अल्लीपुर मोड़ स्थित भाजपा नेता के किराना स्टोर पर गन प्वाइंट पर करीब एक लाख रुपये लूट लिये। बदमाशों ने विरोध करने पर किराना व्यापारी को तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया था। पुलिस ने बुधवार रात्रि में ही रिपोर्ट दर्ज कर ली। वहीं, बृहस्पतिवार को भाजपाई थाने पहुंचे और जल्द खुलासे की मांग की।
गांव अल्लीपुर जिजमाना निवासी भाजपा नेता मनीष बंसल के भाई अमित बंसल की हापुड़-मेरठ रोड स्थित अल्लीपुर मोड़ पर किराना की दुकान है। वहां बुधवार रात्रि करीब साढे़ नौ बजे हापुड़ की ओर से आई अपाचे बाइक दुकान के सामने रुकी। बाइक को मेन रोड पर खड़ी करके बाइक सवार तीन युवक दुकान पर पहुंचे तथा वहां बैठे अमित बंसल को दो बदमाशों ने गन प्वाइंट पर ले लिया। इसके बाद एक बदमाश ने गल्ले में रखे करीब एक लाख रुपये लूट लिये। आरोप है कि व्यापारी ने बदमाशों का विरोध किया तो उन्होंने तमंचे की बट से हमलाकर घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश मेरठ की ओर फरार हो गए थे। सूचना के करीब एक घंटे बाद थाना प्रभारी एएसपी अमित आनंद मौके पर पहुंचे थे। वहीं, देर से पुलिस पहुंचने पर व्यापारी भड़क गए थे। सीओ किठौर भी मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस ने व्यापारी को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी भर्ती कराया था। पीड़ित पक्ष ने इस मामले में थाने में तहरीर दी थी। जिस पर पुलिस ने रात में ही मामला दर्ज कर लिया था। बृहस्पतिवार को लूट की सूचना फैली तो क्षेत्र के कई भाजपा नेता पीड़ित पक्ष के साथ थाने पहुंचे तथा पुलिस ने जल्द ही मामले के खुलासे की मांग की। जिसमें एएसपी अमित आनंद ने बताया कि टीम बनाकर बदमाशों की तलाश की जा रही है। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।