खाकी छुट्टी पर, लुटेरों की गश्त, ताबड़तोड़ लूटपाट
मेरठ। गर्मी के साथ मोबाइल, पर्स और चेन स्नैचिंग की घटनाओं का ग्राफ चढ़ गया है। मंगलवार को तो शहर में लुटेरे गश्त पर रहे और खाकी छुट्टी पर। बदमाशों ने एक के बाद एक पांच जगह लूट की वारदातों को अंजाम दे डाला और पुलिस चुप्पी साधे रही। शाम को एसएसपी ने थानेदारों की क्लास लगायी तो तब जाकर पुलिस की नींद टूटी और पुलिस गश्त पर निकली।
गढ़ रोड पर कैशियर से लूट
यह घटना गढ़ रोड पर गेसूपुर के पास स्थित विद्युत विभाग के कैशियर शास्त्रीनगर निवासी संजीव कपूर के साथ हुई। वे विभाग की 1.55 लाख रुपये की रकम बैंक में जमा कराने के लिए स्कूटी से जा रहे थे। काली नदी के पास बाइक सवार बदमाशों ने टक्कर मारकर उनकी स्कूटी गिरा दी। कैशियर पर तमंचा तानकर बदमाश 1.55 लाख रुपये व स्कूटी लूटकर भाग गए। इस वारदात में एसओ भावनपुर और चौकी इंचार्ज की लापरवाही सामने आयी है। पल्लवपुरम में रिटायर्ड सीओ की पत्नी को लूटा
पल्लवपुरम फेज-2 निवासी रिटायर्ड सीओ राजेंद्र कुमार की पत्नी सरोज अपने घर के बाहर खड़ी थीं। इस दौरान बाइक से वहां दो बदमाश पहुंचे। किसी का पता पूछने के बहाने बदमाशों ने सरोज से चेन लूट ली। महिला ने शोर मचाया तो बदमाश पिस्टल से गोली मारने की धमकी देकर भाग निकले। लोगों को भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस पहुंची तो लोगों ने आक्रोश जताते कहा कि इस शहर में कोई सुरक्षित नहीं।
शास्त्रीनगर में कारोबारी पर हमला
शास्त्रीनगर सेक्टर-3 निवासी अमृत सिंह का स्पोर्ट्स कारोबारी हैं। दोपहर को वे बाजार से लौट रहे थे। नई सड़क शास्त्रीनगर में बाइक सवार दो बदमाशों ने कारोबारी पर हमला कर पर्स लूट लिया। पर्स में पांच हजार रुपये और मोबाइल के दो सिम और अन्य जरूरी कागज थे। लोगों ने पुलिस को घेरकर हंगामा कर दिया।
लालकुर्ती पैठ में गिरोह उतरा
बदमाशों ने लालकुर्ती पैठ में पांच अलग-अलग जगह पर महिलाओं से पर्स, चैन और नकदी उड़ा ली। किसी महिला का बैग कटा मिला तो किसी का पर्स गायब मिला। लालकुर्ती पैठ में एक साथ पांच महिलाओं के साथ वारदात होने पर लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी और हंगामा किया। कहा कि रोजाना शिकायत करने के बावजूद पुलिस कार्रवाई नहीं करती। पुलिस ने महिलाओं से तहरीर लेकर लोगों को शांत किया।
सोना पहनना पड़ रहा भारी
मोदीपुरम। पल्लवपुरम क्षेत्र में हाल ही में लूट की एक दर्जन से ज्यादा वारदात हो चुकी हैं। हाल ऐसा हो गया कि महिलाएं चेन और कुंडल पहनकर अगर बाहर निकलें तो बदमाश लूट की घटना को अंजाम दे देते हैं। पता पूछने के बहाने बदमाश रोजाना ही लूटपाट कर फरार हो रहे हैं और पुलिस गंभीर नहीं है। बदमाशों ने यहां इंस्पेक्टर सदर बाजार की बहन से भी लूटपाट की थी। ये बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए थे। लेकिन पुलिस इन तक नहीं पहुंच पाई।
जल्द करेंगे खुलासा
पल्लवपुरम में बढ़ रही आपराधिक वारदातों को रोकने के लिए टीम को लगाया गया है। एक गैंग यहां सक्रिय है। जल्द ही घटनाओं का खुलासा किया जाएगा। -कुमार रणविजय, एसपी सिटी
खास बातें:
05 जगह की बदमाशों ने एक के बाद एक लूट की वारदात
1.55 लाख विद्युत विभाग के कैशियर से लूटे
- रिटायर्ड सीओ की पत्नी को भी लूटा, पुलिस रही गायब, एसएसपी ने लगायी क्लास