थाना क्षेत्र के गांव पांचली बुजुर्ग से बीते बृहस्पतिवार रात अगवा की गई किशोरी की बरामदगी को लेकर जहां शनिवार को ग्रामीणों ने थाने का घेराव किया था। वहीं, रविवार को गांव में दिनभर सर्वसमाज की पंचायत हुई थी। वहीं, सोमवार को भी मामले को लेकर दिनभर पंचायत चली। जिसमें पांचली समेत आसपास के गांवों के गणमान्य लोगों ने पहुंचकर गांव में अमन कायम रखते हुए किशोरी की बरामदगी की मांग की। वहीं, शाम के समय पंचायत में एसपी देहात व सीओ सरधना ने पहुंचकर लोगों को समझाते हुए जल्द किशोरी की बरामदगी का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने किशोरी की बरामदगी नहीं होने तक इसी तरह पंचायत करने की बात कही।
गौरतलब है कि गांव पांचली निवासी व्यक्ति ने शुक्रवार को थाने में तहरीर देते हुए बताया था कि उसकी नाबालिग बेटी देर रात को पानी पीने के लिए उठी थी। इस बीच घात लगाये बैठे गांव निवासी दूसरे समुदाय के युवकों ने किशोरी को अगवा कर कार में बंधक लिया था। इस बीच किशोरी का शोर सुनकर परिजन जागे। जिस पर परिजनों ने आरोपियों की कार का पीछा किया, लेकिन कार सवार आरोपी मौके से किशोरी को लेकर भाग निकलने में कामयाब हो गये थे। जिसे लेकर पीड़ित परिवार के लोगों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर शुक्रवार एवं शनिवार को दोनों दिन थाने पहुंचकर किशोरी की बरामदगी की मांग की। वहीं, पांचली के ही तीन आरोपियों आकाश, अभिषेक व शेखर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसके चलते जहां रविवार को गांव में सर्वसमाज की पंचायत बुलाई गई थी। वहीं, सोमवार को भी गांव में पंचायत का आयोजन किया गया। जिसमें क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने पहुंचकर गांव में शांति बनाए रखने की बात कही। वहीं, शाम के समय पंचायत के बीच एसपी देहात एवं सीओ सरधना भी पहुंचे। मौके पर पहुंचे अफसरों ने ग्रामीणों से जल्द किशोरी की बरामदगी की बात कही। हालांकि ग्रामीण इस पर संतुष्ट नहीं हुए। जिसके चलते ग्रामीणों ने किशोरी की बरामदगी नहीं होने तक इसी तरह पंचायत में बैठक रहने की बात कही। जिससे प्रशासन के हाथ पांव फूले हुए हैं। वहीं मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के चलते भारी तनाव बना हुआ है।
मुख्य बातें
पांचली बुजुर्ग गांव से बीती बृहस्पतिवार रात किशोरी को कर लिया था अगवा
एसपी देहात और सीओ ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया
मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के चलते गांव में तनाव बरकरार