खरखौदा। बिजली बंबा चौकी क्षेत्र में तीन दिन पहले एस्सार पेट्रोल पंप से शाम के वक्त सेल्समैन पूरे दिन की ईंधन की बिक्री का पैसा लेकर लापता हो गया था। उसका शव अगले दिन पंप के पीछे स्थित गेहूं के खेत में मिला था। सेल्समैन के परिजनों ने पंप स्वामी पुलिस विभाग के तैनात सीओ और उनके बेटे पर हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर शनिवार को रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गढ़मुक्तेश्वर निवासी विकल (35) पुत्र कर्ण सिंह करीब छह माह से बिजली बंबा चौकी क्षेत्र स्थित एस्सार पेट्रोल पंप पर सेल्समैन था। वह गत बुधवार शाम पूरे दिन की ईंधन की बिक्री की रकम के साथ लापता हो गया था। जिसमें पंप स्वामी ने पहलेे तो विकल को खोजने का प्रयास किया, लेकिन बाद में पंप के मैनेजर ने विकल के मामले में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। अगले दिन जब सुबह पंप के कर्मचारियों ने विकल की खोजबीन की तो विकल पंप के पीछे ही एक गेहूं के खेत में नगदी के साथ मृत मिला था। उसके परिजनों ने बताया कि विकल ने कई बार बताया था कि उसका पंप स्वामी उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में तैनात सीओ के बेटे हिमांशु पुत्र विजय चौधरी से विवाद चल रहा है। पंप स्वामी कभी उसकी हत्या करा सकता है। परिजनों ने पंप स्वामी पर शक जाहिर करते हुए तहरीर दी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पुलिस ने शनिवार को हिमांशु के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इस मामले में इंस्पेक्टर प्रमोद गौतम ने बताया कि अधिकारियों के आदेश के बाद ही रिपोर्ट दर्ज की गई है।