मेरठ/सरधना।
एक निर्माणाधीन घर में शुक्रवार रात एक युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पीड़ित परिवार के लोगों पर जानलेवा हमले का एक केस दर्ज है, जिसमें दो लोग जेल में बंद हैं। पुलिस को अंदेशा है कि पुरानी रंजिश के चलते युवक की हत्या हुई है।
सरधना के नवाबगढ़ी निवासी इस्लाम के यहां पर उनकारिश्तेदार राशिद अपने परिवार के संग रहता है। राशिद का एक निर्माणाधीन मकान है, जिसमें उसके बेटे वाजिद (19) की गला घोटकर हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह राशिद गांव पहुंचा तो चारपाई पर वाजिद का शव मिला। पुलिस के मुताबिक राशिद मूल निवासी पीरवाला सोरम गांव, थाना शाहपुर मुजफ्फरनगर है।
जहां पर एक वर्ष पूर्व राशिद के परिवार की गांव के इमरान से मारपीट हो गई थी। इमरान ने राशिद पक्ष के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज कराया था। जिसमें पुलिस ने नामजद साजिद और उसके एक रिश्तेदार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। दर्ज मुकदमे में चल रही रंजिश के कारण राशिद का परिवार चार माह पहले नवाबगढ़ी रिश्तेदारी में आया और यहीं पर उसने एक प्लॉट खरीद लिया।
वाजिद का भाई जेल में
राशिद के परिवार में पत्नी व बेटे शादाब, साजिद, वाजिद व कासिम हैं। जिसमें साजिद जानलेवा हमले के मामले में जेल में है। लेकिन तीनों बेटे उसके पास नवाबगढ़ी में ही रहते हैं। यहीं पर मजदूरी करते हैं। नवाबगढ़ी में निर्माणाधीन मकान में शुक्रवार रात वाजिद अकेला सोया था। जबकि परिवार के अन्य सदस्य अपने रिश्तेदार इस्लाम के मकान में सोए हुए थे। शनिवार सुबह राशिद वहां पहुंचा तो दरवाजा हाथ लगाते ही खुल गया। राशिद ने बताया कि अंदर उसके बेटे वाजिद का शव पड़ा था। उसकी गर्दन पर रस्सी के निशान थे।
पुरानी रंजिश में हुई हत्या
वाजिद की हत्या की जानकारी लगते ही ग्रामीणों की भीड़ लग गई। एसओ सरधना पुलिस फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे । राशिद ने पुरानी रंजिश में हत्या होना बताकर इमरान, बिलाल, नौशाद और यामीन निवासी गांव पीरवाला सोरम शाहपुर मुजफ्फरनगर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। एसओ सरधना धर्मेंद्र सिंह राठौर ने बताया है कि मामले की जांच की जा रही है।